जोधपुर रेल मंडल की समयपालनता में उत्कृष्ट प्रदर्शन, छह दिनों में शत-प्रतिशत समयपालन

Jodhpur Railway Division ने समयपालनता के क्षेत्र में एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मंडल द्वारा 9 मार्च तक चौथी बार शत-प्रतिशत समयपालन दर्ज किया गया था और अब इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए 10 और 11 मार्च को भी शत-प्रतिशत समयपालन प्राप्त किया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार 1 मार्च से 11 मार्च 2026 की अवधि के दौरान जोधपुर मंडल ने कुल छह दिनों में शत-प्रतिशत समयपालन हासिल किया है। इनमें 1, 4, 6, 9, 10 और 11 मार्च को मंडल की सभी रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय के अनुसार संचालित हुईं।

विशेष रूप से उल्लेखनीय यह रहा कि 9 मार्च से 11 मार्च तक लगातार तीन दिनों तक जोधपुर मंडल की समयपालनता शत-प्रतिशत रही। यह उपलब्धि बेहतर संचालन व्यवस्था, सुदृढ़ योजना और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

इस उपलब्धि के साथ जोधपुर मंडल ने समयपालनता के क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता और उत्कृष्ट प्रबंधन क्षमता का परिचय दिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह सफलता मंडल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, आपसी समन्वय और समर्पण का परिणाम है।

रेलवे प्रशासन द्वारा संचालन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए रेल पटरियों और सिग्नल प्रणाली का नियमित निरीक्षण, आवश्यक मरम्मत कार्यों का समय पर निष्पादन तथा तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न स्टेशनों पर कर्मचारियों को समयपालन के महत्व के प्रति लगातार जागरूक किया जाता है और बेहतर संचालन के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।