जोधपुर-जयपुर इंटरसिटी अब इलेक्ट्रिक इंजन से दौड़ेगी, डीजल की होगी बचत

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रेल सेवाओं को अधिक तेज, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जोधपुर-जयपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन का संचालन अब डीजल इंजन के स्थान पर इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव से प्रारंभ कर दिया गया है। मंगलवार को जोधपुर से यह ट्रेन पहली बार इलेक्ट्रिक इंजन के साथ शाम 4:00 बजे अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि गाड़ी संख्या 22977/22978 जयपुर?जोधपुर?जयपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट रेलसेवा का संचालन मंगलवार को जोधपुर से इलेक्ट्रिक इंजन से शुरू कर दिया गया है, जबकि जयपुर से यह ट्रेन 11 मार्च से नियमित रूप से इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव से संचालित होगी।

उन्होंने बताया कि यात्री सुविधाओं में विस्तार और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। इलेक्ट्रिक इंजन के उपयोग से ट्रेन संचालन अधिक कुशल और प्रभावी होगा। साथ ही डीजल की खपत में कमी आने से रेलवे को ईंधन व्यय में बचत होगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

डीआरएम के अनुसार इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन संचालन होने पर गति और संचालन क्षमता में सुधार होगा, जिससे ट्रेनों की समयपालन में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।

इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेन संचालन के प्रमुख फायदे

डीजल की खपत कम होने से ईंधन व्यय में बचत

पर्यावरण के अनुकूल, प्रदूषण में कमी

अधिक गति और बेहतर संचालन क्षमता

ट्रेनों की समयपालन में सुधार

रखरखाव अपेक्षाकृत कम और संचालन अधिक किफायती