हरदोई में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 45 हजार रुपये रिश्वत लेते बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गिरफ्तार, ऋण स्वीकृत कराने के लिए मांगी थी रिश्वत

हरदोई। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी को 45 हजार रुपये की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह रिश्वत मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लोन स्वीकृत कराने के नाम पर मांगी गई थी।
जानकारी के अनुसार सुरेश चौधरी, जो कि कछौना क्षेत्र के रेलवेगंज निवासी हैं, बैंक ऑफ बड़ौदा की कछौना शाखा में रिकवरी एजेंट के रूप में भी कार्यरत हैं। आरोप है कि उन्होंने बैंक प्रबंधक के माध्यम से योजना का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी।
बताया गया कि कछौना निवासी सीमा देवी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत आवेदन किया था। योजना के अंतर्गत उन्हें पांच लाख रुपये का ऋण स्वीकृत होना था और इसकी पत्रावली बैंक ऑफ बड़ौदा की कछौना शाखा में भेजी गई थी। आरोप है कि इसी प्रक्रिया के दौरान लोन स्वीकृत कराने के लिए 45 हजार रुपये की मांग की गई।
इस मामले में सीमा देवी ने सीबीआई में गोपनीय शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर सीबीआई की टीम ने जांच करते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान मंगलवार को सुरेश चौधरी को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
सीबीआई की टीम अब इस मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की कछौना शाखा के प्रबंधक की भी तलाश कर रही है, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
फिलहाल सीबीआई द्वारा आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।