मां वैष्णो देवी यात्रा जारी, सुहावने मौसम के बीच श्रद्धालुओं को मिल रही सभी आधुनिक सुविधाएं

मां वैष्णो देवी यात्रा जारी, सुहावने मौसम के बीच श्रद्धालुओं को मिल रही सभी आधुनिक सुविधाएं

मंगलवार को कटड़ा में बादलों और धूप के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा उत्साहपूर्वक जारी रही। सुहावने मौसम से श्रद्धालुओं को तपती धूप से राहत मिली। हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे सहित सभी प्रमुख सेवाएं सुचारु रहीं।

मौसम सुहावना, श्रद्धालुओं को तपती धूप से मिली राहत

हेलीकॉप्टर, बैटरी कार सहित सभी यात्रा सेवाएं सुचारु

दोपहर तक 12 हजार श्रद्धालु भवन की ओर हुए रवाना

कटड़ा। मंगलवार को आसमान में बादलों और सूर्य देव के बीच आंख-मिचौली का खेल दिनभर जारी रहा। हल्की हवाओं और बादलों की मौजूदगी के कारण श्रद्धालुओं को तपती धूप से राहत मिली। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे पूरे जोश के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए यात्रा करते नजर आए।

दिनभर आधार शिविर कटड़ा में श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर परिवार सहित भवन की ओर रवाना होते रहे। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के चलते पूरे कटड़ा शहर में चहल-पहल बनी रही। यात्रा के दौरान श्रद्धालु अर्धकुंवारी मंदिर परिसर में स्थित पवित्र एवं प्राचीन गर्भजून गुफा के दर्शन कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं।

वहीं मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन कर श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं। मां वैष्णो देवी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इनमें हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे केबल कार सेवा के साथ-साथ घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की सेवाएं प्रमुख हैं।

मंगलवार को बदले मौसम के बावजूद ये सभी सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहीं। यात्रा मार्ग के साथ-साथ भैरव मंदिर क्षेत्र में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा स्थापित निशुल्क लंगरों में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए श्राइन बोर्ड प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। 10 मार्च मंगलवार को दोपहर दो बजे तक करीब 12 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।