20 मिनट में पहुंचें वैष्णो देवी से शिवखोड़ी, तीन महीने में शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा; कितना होगा किराया?

20 मिनट में पहुंचें वैष्णो देवी से शिवखोड़ी, तीन महीने में शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा; कितना होगा किराया?

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घोषणा की है कि कटड़ा से शिवखोड़ी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा अगले तीन महीने में शुरू हो जाएगी। इससे वैष्णो देवी के श्रद्धालु 20 मिनट में शिवखोड़ी पहुंच सकेंगे, जिससे यात्रा का समय ढाई-तीन घंटे से घटकर काफी कम हो जाएगा। किराए का अनुमान 8-10 हजार रुपये प्रति श्रद्धालु है। साथ ही, कटड़ा में 31.51 करोड़ रुपये की लागत से श्री शंकराचार्य मंदिर का निर्माण भी इसी साल के अंत तक पूरा होगा।

कटड़ा में श्री माता वैष्णो देवी के साथ-साथ श्रद्धालु अब आसानी से हेलीकॉप्टर द्वारा यात्रा तय कर कम समय में दोनों तीर्थस्थल घूम सकेंगे। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस बाबत बताया कि प्रोजेक्ट अगले दिन महीने में शुरू हो जाएगा। 69 आरसीसी ग्रेफ द्वारा हेलीपैड से गुफा तक यात्रा मार्ग और पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसमें करीब छह करोड रुपए खर्च किए गए हैं।

तीन महीने में होगी हेलीकॉप्टर सेवा शुरू

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि तीन महीने के भीतर कटड़ा से शिवखोड़ी तीर्थ स्थल के लिए एक हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की कोशिश की जा रही है। यहां एक अंतरराष्ट्रीय म्यूजियम भी बनाया जाना है। कटड़ा में हेलीपैड बनने का काम आखिरी चरण में है और शिवखोड़ी में भी ऐसी ही एक सुविधा बनने वाली है। इसके शुरू होने पर तीर्थयात्री आसानी से दोनों मंदिरों में आ जा सकेंगे।

शिवखोड़ी दर्शन करने के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर मात्र 20 मिनट में कटडा से शिवखोड़ी तक पहुंचा देता था। जबकि भक्तों को वाहनों के जरिए जम्मू या फिर कटडा से शिवखोड़ी तक पहुंचने में ढाई से 3 घंटे तक का समय लगता है।

श्रद्धालुओं को इससे पहले कटडा से शिवखोड़ी हेलीकॉप्टर से आने- जाने का प्रति श्रद्धालु 8500 रुपये किराया देना पड़ता था। कटडा से शिवखोड़ी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा 13 अक्टूबर 2010 को आरंभ हुई थी, संभव है कि किराया 8 से 10 हजार के बीच ही हो।

श्री शकराचार्य मंदिर का होगा निर्माण

छह दशक के लंबे इंतजार के बाद श्री माता वैष्णो देवी श्राइन क्षेत्र में श्री शंकराचार्य मंदिर के निर्माण का सपना सच होते दिख रहा है। इस प्रतिष्ठित मंदिर की अवधारणा मूल रूप से 1967 में बनाई गई थी, लेकिन किन्ही कारणों से इसे पूरा नहीं किया जा सका।

इस मंदिर परिसर के निर्माण पर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से 31.51 करोड़ रुपये की अनुमानित राशि खर्च की जाएगी। मंदिर के निर्माण से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने के साथ यहां देश विदेश के श्रद्धालुओं की आमद बढ़ेगी। जिससे श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को श्री शंकराचार्य मंदिर में भी माथा टेकने का सौभाग्य प्राप्त होगा। इसी साल के अंत तक मंदिर के कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।