महिला कल्याण समिति प्रयागराज मण्डल के तत्वाधन में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

प्रयागराज मण्डल कार्यालय के सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला कल्याण समिति प्रयागराज मण्डल की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, समानता तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के योगदान को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा तरुणा प्रकाश, प्रज्ञा दीपक कुमार एवं गुलशन वारिस, उप सचिव, आकांक्षा सहित प्रयागराज मण्डल की महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए महिलाओं के अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही है तथा समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला कल्याण समिति महिलाओं के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य हित निरीक्षक अंजलि गुप्ता ने पीपीटी के माध्यम से देश एवं रेलवे के विकास में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। प्रस्तुति में दुनिया के सबसे ऊँचे चिनाब रेलवे पुल के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाली डॉ. जी. माधवी लता, ऑपरेशन सिंदूर में सराहनीय नेतृत्व करने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी एवं विंग कमांडर व्योमिका सिंह, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान और प्रमुख सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना, तथा Nykaa की संस्थापक एवं सीईओ फाल्गुनी नायर के प्रेरणादायक कार्यों से उपस्थित जनों को अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं प्रेरणादायक संबोधन भी आयोजित किए गए। महिला कर्मचारियों ने गीत, कविता एवं नृत्य के माध्यम से महिला शक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा। साथ ही महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं आत्मविश्वास से जुड़े विषयों पर भी विचार साझा किए गए।

इस अवसर पर मण्डल के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 महिला कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। यह सम्मान उनके कार्य के प्रति समर्पण, दक्षता एवं उत्कृष्ट योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि महिलाओं को समाज में समान अवसर और सम्मान प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और सशक्तिकरण से ही एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।