नारी शक्ति का अभूतपूर्व संगम: अहमदाबाद मण्डल पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

नारी शक्ति का अभूतपूर्व संगम: अहमदाबाद मण्डल पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

साबरमती में गूंजी नारी शक्ति की जयकार: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य के लिए 34 महिला कर्मचारी सम्मानित

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर साबरमती स्थित सामुदायिक भवन में एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष के वैश्विक विषय ?गिव टू गेन? (Give to Gain) के अनुरूप कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उदारता, पारस्परिक सहयोग और महिला नेतृत्व की शक्ति को प्रोत्साहित करना रहा।

पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन (WRWWO), अहमदाबाद की अध्यक्षा शेफाली गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, उनके संघर्ष, उपलब्धियों और अधिकारों को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि महिला केवल एक शब्द नहीं, बल्कि शक्ति, प्रेम, त्याग और धैर्य की प्रतिमूर्ति है। वह माँ बनकर संस्कार देती है, बहन बनकर स्नेह बाँटती है, पत्नी बनकर जीवन में साथ निभाती है और बेटी बनकर घर को खुशियों से भर देती है।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेल जैसे विशाल और गौरवशाली संगठन का हिस्सा होना गर्व की बात है। भारतीय रेल देश की जीवनरेखा है और इसे सशक्त बनाने में महिलाओं की भूमिका निरंतर बढ़ रही है। अहमदाबाद मंडल में भी महिला रेलकर्मी पुरुष सहकर्मियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। आज महिलाएँ लोको पायलट, इंजीनियर, स्टेशन मास्टर तथा प्रशासनिक अधिकारी के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से समाज की रूढ़िवादी सोच को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि आज अहमदाबाद मंडल की महिला रेलकर्मी लोको पायलट के रूप में ट्रेन संचालन से लेकर तकनीकी और इंजीनियरिंग कार्यों तक में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह दिवस महिलाओं के अधिकारों, शिक्षा और करियर में समान अवसरों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

इस अवसर पर शैफाली गुप्ता एवं मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश द्वारा वर्ष 2025?26 के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 34 महिला कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान शेल्बी हॉस्पिटल, नरोडा (अहमदाबाद) की कंसल्टेंट रेडियोलॉजिस्ट एवं ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका अलुरकर ने महिला स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं में होने वाले कैंसर जैसे सर्वाइकल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उचित उपचार के माध्यम से इन बीमारियों से काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और किसी भी असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी।

कार्यक्रम में महिला रेलकर्मियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का भी शानदार प्रदर्शन किया। सिंगिंग, ग्रुप डांस, क्विज प्रतियोगिता, स्वरचित कविता पाठ तथा शायरी के माध्यम से महिलाओं ने अपनी रचनात्मकता और उत्साह का परिचय दिया।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा कर्मचारी हित निधि के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारी हित निधि के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 300 से अधिक महिला कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुईं और कार्यक्रम को सफल बनाया।