भाई द्वारा बहन की हत्या और मां पर हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज

मुरादाबाद में मझोला के बुद्धिविहर में चाकू से गोद कर निर्ममता पूर्वक बहन की हत्या और मां पर जानलेवा हमला करने के आरोपी हार्दिक के खिलाफ पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। यह मुकदमा हार्दिक की घायल मां नीलिमा की तहरीर पर लिखा गया है। आरोपी हार्दिक ने हिमशिखा के पेट को छलनी कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने हिमशिखा के ऊपर 40 से अधिक ताबड़तोड़ वार किए हैं।

पुलिस को दी गई तहरीर में मां नीलिमा ने बताया कि हत्यारोपी हार्दिक उसका सगा बेटा है। बीटेक करने के बाद व गुरुग्राम में जॉब करता था। बेटी हिमशिखा उर्फ चीनी भी उसके साथ ही गुरुग्राम में रहती थी। वह भी जॉब करने के साथ ही चंडीगढ़ से एमबीए की पढ़ाई कर रही थी। मां ने तहरीर में बताया कि बेटे हार्दिक का किसी लड़की से अफेयर चल रहा था। करीब 7-8 माह पहले उसका लड़की से ब्रेकअप हो गया था। जिसके बाद से वह घर वालों से ढंग से बात नहीं करता था। डिप्रेशन में रहता था।बहन उसे समझाती थी तो आक्रामक हो जाता था। नीलिमा के अनुसार शुक्रवार को भी बेटी हिमशिखा उसे समझाने का प्रयास कर रही थी। उसी दौरान आरोपी ने चाकू से उसके ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। नीलिमा के अनुसार वह पहुंची तो आरोपी ने उनके ऊपर भी चाकू से हमला कर दिया। सीओ कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी हार्दिक के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगा दी गई हैं।घटना के बाद से पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्यारोपी का पुणे की एक दूसरे समुदाय की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन मां और बहन इसके लिए तैयार नहीं थे। जिसके चलते हार्दिक का उस लड़की से ब्रेकअप हो गया था। ब्रेकअप के बाद से वह अपनी बहन और मां से खिन्न रहता था। अक्सर वह तनाव में रहने लगा था। गुरुग्राम में साथ रहने वाली बहन हिमशिखा उसे समझाबुझा कर डिप्रेशन से बाहर लाने का प्रयास करती थी। इस कारण वह उससे अधिक क्षुब्ध रहता था और उसके प्रति आक्रामक हो जाता था। जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया है उससे यही लग रहा है कि आरोपी अपनी बहन से इतना चीढ़ गया था कि उसकी निर्ममता से हत्या ही कर दिया। मां विरोध करती थी इसलिए मां को भी नहीं छोड़ा और उसे भी जान से मारने की कोशिश कर डाला। हालांकि सच्चाई क्या है यह आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेगा।
बहन की हत्या और मां पर जानलेवा हमला करने के बाद आरोपी हार्दिक अपनी कार लेकर घर से भाग निकला। लोगों ने पुलिस को बताया कि कार तेजी से मोहल्ले से निकल कर दिल्ली रोड पर आई और दिल्ली की ओर दौड़ गई। सूत्रों की माने तो अमरोहा क्षेत्र के अतरासी टोल प्लाजा और हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर टोल पर भी हार्दिक की कार सीसीटीवी कैमरे में नजर आई है।

एसपी सिटी, कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बुद्धिविहार में एक युवक ने अपनी बहन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बाद में मां पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मां भी बहुत जानकारी नहीं दे पा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या और जानलेवा हमले की सही वजह पता चल सकेगी।