आप पार्टी ने पीटीआर के वन क्षेत्रों से गुजरने वाले राष्ट्रीय मार्गो को रात्रि में बन्द करने के आदेश को वापस लेने को जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन 

पीलीभीत। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी ने जिलाधिकारी पीलीभीत से मिलकर ज्ञापन सौंपा ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी महोदय को अवगत कराया कि जनपद पीलीभीत के प्रमुख मार्ग पूरनपुर-पीलीभीत (आसाम मार्ग), पूरनपुर-खटीमा मार्ग एवं पीलीभीत-माधोटांडा मार्ग जनपद के अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग हैं। ये मार्ग जनपद मुख्यालय को प्रदेश की राजधानी लखनऊ, नेपाल सीमा, उत्तराखंड की अंतरराज्यीय सीमा तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों से जोड़ते हैं। इन्हीं मार्गों के माध्यम से पर्यटक शारदा डैम, टाइगर सफारी क्षेत्र, मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस, अधिकतर रिसॉर्ट, होटल, माँ गोमती उदगम, बाराही मन्दिर तथा उत्तराखंड स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ पूर्णागिरि मंदिर, नानकमत्ता गुरुद्वारा, रीठा साहिब,गोल्ज्यू मन्दिर,मायावती आश्रम एवं ओम पर्वत आदि स्थानों की यात्रा करते हैं। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) द्वारा रात्रिकाल में इन मार्गों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने का आदेश जारी किया गया है, जिसे माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से संबंधित बताया जा रहा है। हम माननीय न्यायालय एवं प्रशासनिक अधिकारियों का पूर्ण सम्मान करते हैं, किन्तु इस आदेश के कारण जनमानस किसान, व्यापारी, छात्र, नौकरीपेशा व्यक्ति, पर्यटकों एवं अध्ययनरत युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। रात्रिकालीन पूर्ण प्रतिबंध से आमजन में असुरक्षा एवं भय का वातावरण उत्पन्न हो रहा है। कृषि, व्यापार, पर्यटन एवं स्थानीय आवागमन पर सीधा नकारात्मक असर पड़ रहा है। साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की चुप्पी भी जनता के मन में अनेक प्रश्न खड़े कर रही है।
अतः महोदय, आपसे विनम्र निवेदन है कि जनहित को दृष्टिगत रखते हुए इस समस्या का यथाशीघ्र समाधान कराया जाए तथा रात्रिकालीन पूर्ण प्रतिबंध के आदेश को वापस लेने अथवा उसमें व्यावहारिक संशोधन करने की कृपा की जाए, जिससे वन्यजीव संरक्षण एवं जनसुविधा दोनों के बीच संतुलन स्थापित हो सके और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सकारात्मक निर्णय प्रदान करने का निवेदन किया।
कार्यक्रम में जिला महासचिव एड. संजय कुमार, जिलाध्यक्ष पंचायत प्रकोष्ठ /पूर्व प्रत्याशी विनोद कुमार भारती, नगर अध्यक्ष युवा इकाई राघव गिहार, प्रवेश, संजय, इंदरजीत, रिंकू दिवाकर,मनोज, सूरज आदि उपस्थित रहे।