मां वैष्णो देवी दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दो माह में 11.42 लाख ने किए दर्शन

मां वैष्णो देवी दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दो माह में 11.42 लाख ने किए दर्शन

श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में 2026 के पहले दो महीनों (जनवरी-फरवरी) में 11.42 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 1.94 लाख अधिक है। फरवरी में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। परीक्षाओं के बावजूद प्रतिदिन 14-18 हजार श्रद्धालु आ रहे हैं। मौसम साफ है और सभी सुविधाएं सुचारु हैं। इस वर्ष यात्रा के नए कीर्तिमान स्थापित करने की उम्मीद है।

पहले दो माह में 11.42 लाख श्रद्धालु पहुंचे मां वैष्णो देवी

पिछले वर्ष से 1.94 लाख अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

परीक्षाओं के बाद यात्रा में और तेजी आने की उम्मीद

कटड़ा। आस्था और श्रद्धा के प्रतीक श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में वर्ष 2026 की शुरुआत श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ हुई है। जारी वर्ष के पहले दो माह (जनवरी-फरवरी) में कुल 11 लाख 42 हजार 92 श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाई, जो कि पिछले वर्ष 2025 की समान अवधि के मुकाबले 1 लाख 94 हजार 63 अधिक है।

वर्ष 2025 में जनवरी-फरवरी तक कुल 9 लाख 48 हजार 29 श्रद्धालु भवन पहुंचे थे। उस समय प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के कारण श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही थी। वहीं इस वर्ष श्रद्धालुओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है।

फरवरी माह में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी

फरवरी 2025 में जहां 3 लाख 78 हजार 865 श्रद्धालुओं ने यात्रा की थी, वहीं फरवरी 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 4 लाख 45 हजार 178 तक पहुंच गया। इससे साफ है कि इस वर्ष यात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है।

रोजाना 14 से 18 हजार श्रद्धालु कर रहे दर्शन

वर्तमान में देशभर में परीक्षाओं का दौर जारी होने के बावजूद प्रतिदिन 14 हजार से 18 हजार श्रद्धालु माता के दर्शन कर रहे हैं। 2 मार्च, सोमवार को दोपहर दो बजे तक करीब 11 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। अधिकारियों का मानना है कि जैसे ही परीक्षाएं समाप्त होंगी और होली पर्व बीतेगा, यात्रा में और तेजी आएगी।

मौसम साफ, दिन में बढ़ रही गर्मी

कटड़ा और भवन मार्ग पर मौसम साफ बना हुआ है, हालांकि तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की जा रही है। दिन के समय श्रद्धालुओं को गर्मी का एहसास हो रहा है, बावजूद इसके परिवारों सहित श्रद्धालु ?जय माता दी? के जयकारों के साथ निरंतर भवन की ओर बढ़ रहे हैं।

सभी सुविधाएं सुचारु

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, केबल कार, घोड़ा, पिट्ठू व पालकी सेवाएं सुचारु रूप से उपलब्ध हैं। कई श्रद्धालु यात्रा मार्ग में स्थित पवित्र गर्भजून गुफा के दर्शन कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं। माता के दर्शन के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर अपनी यात्रा पूर्ण कर रहे हैं।

सुरक्षा व व्यवस्थाएं चाक-चौबंद

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, शुद्ध पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

यात्रा पूर्ण करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा बाजार में प्रसाद व स्मृति-चिह्नों की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक बनी हुई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि वर्ष 2026 में मां वैष्णो देवी की यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती है।