पीटीआर के रात्रि प्रतिबंध के आदेश ने बढ़ाई लोगों की चिंता, भाकियू टिकैत ने दी आंदोलन की चेतावनी

पीलीभीत। पीलीभीत टाईगर रिजर्व के वन क्षेत्रों से गुजरने वाले मार्गों पर रात्रि के दौरान पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने के संबंध में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के युवा जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह गोगी ने वीडियो जारी कर विरोध जताया है और साथ ही कहा है कि यह प्रतिबंध पूर्ण रूप से तानाशाही है। पीटीआर प्रशासन के फैसले से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा जारी किए गए आदेश के अनुसार, जंगल को रात्रि के समय बंद कर दिया जाएगा, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। युवा जिला अध्यक्ष टिकैत के गुरदीप सिंह गोगी ने इस आदेश का विरोध करते हुए कहा कि रास्ता बंद होने से किसानों की फसलों को निकालना मुश्किल होगा और मंडी तक पहुंचाना भी मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसलें समय पर मंडी तक पहुंचाने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो सकता है। रास्ता बंद होने से शादी विवाह का आयोजन भी प्रभावित होगा, क्योंकि बारातियों और मेहमानों को आने-जाने में परेशानी होगी। इसके अलावा, सरकारी कर्मचारी व प्राइवेट ड्यूटी करने वालों को भी परेशानी होगी, क्योंकि उन्हें अपने घर पहुंचने में देर हो सकती है। तो वह कैसे पहुंच पाएगा, यह एक बड़ा सवाल है।
गुरदीप सिंह ने पीटीआर प्रशासन से मांग की है कि वे इस आदेश को वापस लें और लोगों की समस्याओं को समझें। उन्होंने कहा कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो 7 तारीख को डीएम ऑफिस के बाहर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा।