हरदोई में आतिशबाज के मकान में भीषण विस्फोट, दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल, छत पर भंडारण के कारण हुआ विस्फोट

हरदोई। जिले के सांडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला खिड़कियां पीरजादा में गुरुवार शाम को बारूद से संबंधित आतिशबाजी के दौरान अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि दो मंजिला मकान की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और ईंटें दूर तक जा गिरी। विस्फोट की आवाज सुनकर पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में शाज़िया पत्नी दिलशाद और रुबीना पत्नी इरशाद उर्फ मन्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आतिशबाजी का लाइसेंस हाल ही में दिलशाद के नाम विरासत में स्थानांतरित हुआ था। इससे पहले यह लाइसेंस उनके पिता खुर्शीद के नाम पर था। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पटाखे तैयार करने के दौरान लापरवाही या बारूद के संपर्क में आने से विस्फोट हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र को घेरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंची। सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2012 में भी इसी मकान में विस्फोट की घटना हो चुकी है, जिसमें दो लोगों की मृत्यु हुई थी। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि सांडी थाना क्षेत्र के खिड़कियां मोहल्ले में विस्फोट हुआ है। जिसमें दो महिलाएं झुलसी है। जिनको उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया है। उक्त मकान आतिशबाज इरशाद पुत्र खुर्शीद का है। जिसके पास विक्रय हेतु 2027 तक का लाइसेंस है। लेकिन लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन किया गया है। रिहायशी इलाके में छत पर भंडारण के कारण विस्फोट हुआ है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है, मौके पर फील्ड यूनिट, सीएफओ और स्थानीय पुलिस अधिकारी मौजूद है। प्रकरण में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है, एवं गिरफ्तारी हेतु टीमें लगा दी गई हैं। अन्य वैधानिक कार्यवाही प्रचलित हैं।