फिरोजपुर. ड्यूटी के दौरान दिवंगत रेल कर्मचारी के परिजनों को मिली एक करोड़ रुपये की बीमा राशि।

फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत कार्यरत संतोष कुमार, जो वरिष्ठ खंड अभियंता (सिग्नल) जालंधर सिटी के अधीन सहायक सिग्नलर के पद पर कार्यरत थे, का 01 सितंबर को ड्यूटी के दौरान दुर्घटनावश निधन हो गया था। दिवंगत कर्मचारी का वेतन स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की रेलवे सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत था। इस स्कीम के अनुसार, उनका बीमा दावा संबंधित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया शाखा, जालंधर को प्रेषित किया गया था। अब, आवश्यक औपचारिकताओं के बाद एक करोड़ रुपये की बीमा राशि स्वीकृत कर लिया गया है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में एक करोड़ रुपये की राशि दिवंगत कर्मचारी के परिजनों को प्रदान की गई है। यह आर्थिक सहायता शोकाकुल परिवार के लिए कठिन समय में संबल का कार्य करेगी।

फिरोजपुर मंडल ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। रेल प्रशासन अपने कर्मचारियों और उनके परिजनों के कल्याण हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।