हरदोई में छात्रा पर बांके से हमले का आरोपी मुठभेड़ में घायल, एक ही स्कूल में पढ़ते थे दोनों, एकतरफा प्यार में था पागल

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र में 25 फरवरी 2026 को इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर लौट रही छात्रा पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, छात्रा कस्बा बावन के पास घर लौट रही थी, तभी असलापुर निवासी 19 वर्षीय पंकज पुत्र रामरूप ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा। मना करने पर आरोपी ने सिर पर बांका से वार कर उसे घायल कर दिया। छात्रा को उपचार के लिए सीएचसी बावन भेजा गया। वादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर गठित टीम ने 25 फरवरी की रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 26 फरवरी की रात करीब दो बजे आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांका बरामद किया गया। वापसी के दौरान ग्राम जगदीशपुर-बावन रोड स्थित प्रवीन होंडा के पास आरोपी ने आरक्षी रोहित कुमार की सरकारी इंसास राइफल छीनकर भागने और पुलिस पर फायर करने का प्रयास किया।
सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाएं पैर में गोली लगी, जबकि एक आरक्षी को भी चोट आई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और छात्रा पूर्व में एक ही स्कूल में पढ़ते थे। पूर्व शिकायत पर लापरवाही के मामले में एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह द्वारा संबंधित चौकी प्रभारी और हेड कांस्टेबल को निलंबित किया जा चुका है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
घायल होने के बाद आरोपी पंकज ने बताया कि वो अपने दोस्तों से मिलने गया था तब उसने रोककर उसे मारा था। इसीलिए जब वो पेपर देकर वापस आ रही थी। तब मेरे द्वारा बांके से हमला किया गया। आरोपी ने घटना की वजह प्यार करना बताया हैं।