रेलकर्मचारी शॉर्टकट त्यागकर संरक्षा मानकों का करें पालन- माहेश्वरी

रेलकर्मचारी शॉर्टकट त्यागकर संरक्षा मानकों का करें पालन- माहेश्वरी

बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर सेफ्टी संवाद आयोजित

बाड़मेर। सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए रेलकर्मचारियों को शॉर्टकट की प्रवृत्ति त्यागकर निर्धारित संरक्षा मानकों का पूरी गंभीरता से पालन करना चाहिए। यह बात उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने कही।

अपर महाप्रबंधक सोमवार को एक दिवसीय निरीक्षण दौरे के दौरान बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल की ओर से आयोजित सेफ्टी संवाद कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

माहेश्वरी ने कहा कि प्रत्येक रेल कर्मचारी को अपने अनुभव का उपयोग रेलवे की संरक्षा को मजबूत करने में करना चाहिए तथा संरक्षा को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेल कार्य में किसी भी प्रकार की गलती की गुंजाइश नहीं होती, इसलिए सभी को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।

वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रामनिवास जाट ने बताया कि सेफ्टी संवाद में इंजीनियरिंग, ट्रैफिक, पावर, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन विभागों के कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान सिग्नल प्रणाली, एसपीएडी, सुरक्षित ट्रेन संचालन, ओएचई एवं विद्युत उपकरणों की नियमित जांच, सिग्नलिंग प्रणाली की विश्वसनीयता, ब्लॉक कार्य के दौरान सावधानियां तथा रोलिंग-इन परीक्षण के महत्व जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

सेफ्टी संवाद में रनिंग स्टाफ सहित विभिन्न शाखाओं के लगभग 200 कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तरुण बीका भी मौजूद रहे.

संवाद के दौरान कर्मचारियों ने भी अपने सुझाव और अनुभव साझा किए, जिससे जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर सार्थक चर्चा हो सकी। कार्यक्रम के अंत में सहायक संरक्षा अधिकारी सुनील दत्त चतुर्वेदी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए नियमित रूप से ऐसे संरक्षा संवाद आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन मनोज शर्मा ने किया।