मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन पर चला स्वच्छता अभियान, श्रमदान से चमका परिसर

मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन पर चला स्वच्छता अभियान, श्रमदान से चमका परिसर

खानपान विक्रेताओं और यात्रियों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

जोधपुर। यात्रियों को स्वच्छ रेल परिसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल स्थित मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन पर शनिवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में व्यापक सफाई की गई, जिससे स्टेशन परिसर चमक उठा।

अभियान के तहत श्रमदान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें परिचालन,वाणिज्य,इंजीनियरिंग विभाग और आरपीएफ के करीब 50 कर्मचारियों ने भाग लेकर प्लेटफॉर्म,स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की तथा स्वच्छता का संदेश दिया।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही यात्रियों और खानपान इकाइयों के विक्रेताओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि स्वच्छ परिसर और बेहतर यात्री सुविधा के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।

ट्रेन व स्टेशन पर गंदगी फैलाने पर है जुर्माने का प्रावधान

ट्रेन व रेल परिसर में सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है तथा गंदगी फैलाने वाले यात्री पर सौ से पांच सौ रुपए तक जुर्माने का प्रावधान है।