वंदे भारत पर पथराव का मामला, हरदोई में दो नाबालिग पकड़े गए, परिजनों संग काउंसलिंग

हरदोई। वाराणसी से मेरठ जा रही 22489 वंदे भारत एक्सप्रेस पर हुए पथराव मामले में पुलिस ने दो नाबालिग बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। घटना गुरुवार को चांदमारी और कौढ़ा स्टेशन के बीच बलोखर के पास हुई थी। ट्रेन के सी-4 कोच का शीशा पत्थर लगने से क्षतिग्रस्त हो गया था। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और देहात कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई थी। उस समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी इसी ट्रेन से यात्रा कर रहे थे, जिसके चलते मामले को गंभीरता से लिया गया।
घटना के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के निकट रहने वालों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान दो नाबालिगों के नाम सामने आए। शुक्रवार को देहात कोतवाली पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। उनकी उम्र लगभग 12 से 13 वर्ष बताई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सदर अंकित मिश्रा ने बताया कि जांच के आधार पर दोनों बाल अपचारियों को पकड़ा गया है। इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल, हरदोई में भी अभियोग पंजीकृत है और आवश्यक विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। चूंकि आरोपी नाबालिग हैं, इसलिए उनके अभिभावकों को बुलाकर काउंसलिंग की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।