हरदोई में एसपी अशोक कुमार मीणा की बड़ी कार्रवाई, ड्यूटी में लापरवाही पर दो पुलिसकर्मी निलंबित, विभागीय जांच के आदेश

हरदोई। जनपद में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रिजर्व पुलिस लाइन हरदोई में तैनात उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस पन्ना लाल सोनी की ड्यूटी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पंचास्थानीय चुनाव कार्यालय के स्ट्रांग रूम गार्ड में लगी थी। ड्यूटी के दौरान जब उनकी जांच की गई तो वह मौके पर अनुपस्थित पाए गए। इसे कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दे दिए।
इसके अलावा थाना बेनीगंज के प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सरोज पर भी कार्रवाई की गई है। बताया गया कि थाना क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना के मामले में उन्होंने समय पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई नहीं की, जिसे ड्यूटी में लापरवाही माना गया। इस पर एसपी ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच बैठा दी है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह सजग रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी के प्रति उदासीनता या शिथिलता बरतता पाया गया तो उसके खिलाफ भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में अनुशासन को लेकर सख्ती का संदेश गया है।