चलो बुलावा आया है... माता वैष्णो देवी की यात्रा जारी; रोजाना 13 हजार से 16 हजार श्रद्धालु लगा रहे हाजिरी

चलो बुलावा आया है... माता वैष्णो देवी की यात्रा जारी; रोजाना 13 हजार से 16 हजार श्रद्धालु लगा रहे हाजिरी

वर्तमान में मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रूप से चल रही है, जहाँ श्रद्धालु दिन-रात प्राचीन गुफा और भैरव घाटी के दर्शन कर रहे हैं। रोजाना 13,000 से 16,000 भक्त दर्शन कर रहे हैं, बिना किसी परेशानी के पंजीकरण और भवन पर दर्शन हो रहे हैं। हेलीकॉप्टर, बैटरी कार जैसी सभी सेवाएं उपलब्ध हैं। मार्च में होली के बाद यात्रा में वृद्धि की संभावना है, जिसका व्यापारी वर्ग इंतजार कर रहा है।

श्रद्धालु दिन-रात प्राचीन गुफा और भैरव घाटी के दर्शन कर रहे

रोजाना 13,000-16,000 भक्त बिना परेशानी के दर्शन कर रहे

हेलीकॉप्टर, बैटरी कार सहित सभी यात्रा सेवाएं सुचारु उपलब्ध

कटड़ा। मां वैष्णो देवी की यात्रा में वर्तमान में श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के दर्शन का अवसर मिल रहा है। श्रद्धालु दिन और रात दोनों समय मां वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा में प्रवेश कर रहे हैं। दर्शन के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी की ओर बढ़ रहे हैं और बाबा भैरवनाथ के चरणों में हाजिरी लगा रहे हैं।

वर्तमान में रोजाना 13,000 से 16,000 श्रद्धालुओं का आंकड़ा बना हुआ है। श्रद्धालु को कटड़ा में पंजीकरण कराने में कोई कठिनाई नहीं हो रही है और भवन पर मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भी उन्हें कोई खास इंतजार नहीं करना पड़ रहा है।

इस प्रकार श्रद्धालुओं की यात्रा उत्साहपूर्ण बनी हुई है। हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा, पिट्टू और पालकी जैसी सेवाएं भी बिना किसी परेशानी के उपलब्ध हैं। श्रद्धालु इन सेवाओं का लाभ उठाते हुए अपनी यात्रा कर रहे हैं। हालांकि, दिन के समय यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी का अनुभव हो रहा है, लेकिन सुबह और शाम के समय बर्फीली हवाएं चल रही हैं, जिससे श्रद्धालु गर्म कपड़े पहनकर यात्रा कर रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि मार्च माह में होली पर्व के बाद मां वैष्णो देवी की यात्रा में वृद्धि होने की संभावना है, जिसका व्यापारी वर्ग बेसब्री से इंतजार कर रहा है। शनिवार को शाम 5:00 बजे तक लगभग 15,000 श्रद्धालु पंजीकरण करवा चुके थे। बाकी श्रद्धालुओं का आना जारी है।