* हरि मंदिर की सेवा बनी जरूरतमंदों का सहारा *

दिल्ली में जरूरतमंदों के लिए समर्पित ?हरिभोज सेवा के चतुर्थ वार्षिकोत्सव के अवसर पर हरि मंदिर ऑट्रम लाइन, किंग्सवे कैंप स्थित भगवती हॉल में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात समाज सेवी सुरेश बंसल (चाय पत्ती वाले) उपस्थित रहे।

पुरुषार्थी हरि मंदिर निर्माण समिति ने प्रतिदिन लगभग 600 जरूरतमंदों को शुद्ध सात्विक भोजन उपलब्ध कराने की सेवा को सशक्त रूप से जारी रखने की घोषणा की है।समिति के संगठनकर्ता भीम सेन, सुरेंद्र चांदक एवं राजीव साहनी ने बताया कि इस सेवा के अंतर्गत मात्र ₹10 में भरपेट सात्विक भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इस पहल से छात्र, श्रमिक, रिक्शा चालक व अन्य जरूरतमंद नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।

मौसमी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएँ भी की जाती हैं। गर्मियों में छाछ, मीठी लस्सी अथवा ठंडा शर्बत, जबकि सर्दियों में प्रातः 7 बजे चाय, रस एवं पकौड़े वितरित किए जाते हैं। समय-समय पर मिठाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाती है।

समिति के प्रतिनिधि जगदीश लाल सहगल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की सेवा गतिविधियाँ निरंतर जारी रहेंगी, ताकि यथासंभव सब को पौष्टिक भोजन उपलब्ध हो। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस पुनीत कार्य में सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता की अपील की।