खड़ी कार में भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद  काबू

खड़ी कार में भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद काबू

हरदोई

जनपद के मल्लावां थाना क्षेत्र में प्रसिद्ध बाबा सुनासी नाथ मंदिर के पास खड़ी एक चार पहिया डिजायर कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा शार्ट सर्किट के कारण हुआ।

घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार तपनौर निवासी आशीष गुप्ता अपनी कार मंदिर परिसर के पास खड़ी कर दर्शन के लिए अंदर गए थे। कुछ देर बाद जब वह बाहर लौटे तो देखा कि उनकी कार से धुआं और लपटें निकल रही थीं। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी प्रयासों के बाद लगभग एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक वाहन को काफी नुकसान पहुंच चुका था।

कार मालिक आशीष गुप्ता ने बताया कि उन्होंने यह गाड़ी करीब एक महीने पहले ही शोरूम से खरीदी थी। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।