हरदोई में दामाद ने हॉकी से पीटकर की ससुर की हत्या, पुराने विवाद में वारदात, प्रसाद चढ़ाकर वापस घर आ रहा था

हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र में ससुर-दामाद के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पुराने विवाद के चलते एक दामाद ने अपने ही ससुर की हॉकी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला विकास नगर गंज निवासी अशोक बाबू उर्फ पिन्ने (52) मंगलवार सुबह अपनी बहन अलका के साथ बाइक से हनुमत धाम रामताल मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने गए थे। पूजा-अर्चना के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे पचदेवरा क्षेत्र के ग्राम हथौड़ा के पास नहर के निकट पहुंचे, तभी उनके दामाद मनमोहन उर्फ मन्नू निवासी ग्राम हथौड़ा ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
बताया जाता है कि ससुर और दामाद के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में मनमोहन ने हॉकी से अशोक बाबू के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।
परिजनों ने उन्हें तत्काल फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।