हरदोई में गेस्ट हाउस संचालक हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, जुए के कर्ज को लेकर हुई थी वारदात

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र में हुई अनिल कुमार सिंह उर्फ नीशू सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार हत्या जुए के कर्ज को लेकर की गई थी।
पुलिस के मुताबिक 12 फरवरी 2026 को थाना लोनार को सूचना मिली थी कि ग्राम मलवा के पास खेत में नकटौरा निवासी अनिल कुमार सिंह का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। मृतक के पुत्र अजय कुमार सिंह की तहरीर पर रिंकू सिंह, धीरू सिंह, धीरज सिंह और रियासत के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। 17 फरवरी की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कस्बा बावन के पास घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक सवार सत्यम पुत्र धर्मवीर को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाएं पैर में लग गई और उसे पकड़ लिया गया।
सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के पास से स्पलेंडर बाइक, मोबाइल फोन, .315 बोर तमंचा, कारतूस और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और उसके साथी जुआ खेलते थे और मृतक से उधार लिए पैसे नहीं लौटा पाने पर हत्या कर दी। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।