हरदोई में शारदा नहर पटरी पर पलटी बोलेरो, नौ लोग बाल-बाल बचे, वैवाहिक समारोह में शामिल होकर जा रहे थे

हरदोई। जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र के कहचारी गांव के पास रविवार रात को शारदा नहर पटरी पर एक बोलेरो अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। वाहन में चालक समेत एक ही परिवार के कुल नौ लोग सवार थे, जो हादसे के बावजूद सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार बोलेरो चालक रणजीत कुमार पुत्र रमेश चंद्र निवासी दलेलपुर थाना औरास, जनपद उन्नाव अपने परिवार के अन्य आठ सदस्यों के साथ ग्राम अलादादपुर नेवादा, थाना कासिमपुर में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग वापस ग्राम पैगंबरपुर, थाना माखी, जनपद उन्नाव लौट रहे थे। रास्ते में कहचारी गांव के पास शारदा नहर पटरी पर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। प्राथमिक जांच में सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित पाए गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने बताया कि वाहन को नहर से बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।
सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि उन्नाव से एक परिवार वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था, तभी नहर पटरी पर बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी सवार सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।