हरदोई में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, अवैध संबंध उजागर होने के डर से फावड़े से की थी महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र के अमिरता गांव में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को हत्या में प्रयुक्त फावड़े के साथ गिरफ्तार कर लिया है। अवैध संबंधों का राज खुलने के डर से आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि अमिरता मजरा आगमपुर निवासी 45 वर्षीय श्रीदेवी पत्नी सुरेश की गांव के बाहर गेहूं के खेत में गला रेतकर हत्या कर दी गई है। सूचना पर स्थानीय पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस मामले में परिजन पिंटू पुत्र भैय्यालाल की तहरीर पर थाना शाहाबाद में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए एएसपी पश्चिमी के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान आरोपी रामनिवास पुत्र सुखलाल निवासी ग्राम अमिरता का नाम सामने आया। थाना शाहाबाद पुलिस ने उसे फावड़ा और उसके टूटे डंडों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी का गांव के एक व्यक्ति की साली से अवैध संबंध था, जिसकी जानकारी मृतका को हो गई थी। घटना के समय मृतका के बच्चे खाना लेने घर गए थे। इसी दौरान मृतका ने आरोपी से संबंधों की बात घरवालों को बताने की चेतावनी दी। इससे नाराज होकर आरोपी ने फावड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।