मिशन 100 के तहत मेड़ता रोड स्टेशन पर कर्मचारी शिकायत व स्वास्थ्य शिविर आयोजित

मिशन 100 के तहत मेड़ता रोड स्टेशन पर कर्मचारी शिकायत व स्वास्थ्य शिविर आयोजित

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे ?मिशन 100? अभियान के अंतर्गत मेड़ता रोड रेलवे स्टेशन पर कर्मचारी शिकायत निवारण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।

अभियान के तहत यह मंडल का दूसरा शिविर था जो मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित किया गया। शिविर में कार्मिक विभाग की टीम ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और समाधान की प्रक्रिया शुरू की।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने बताया कि शिविर में कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं,जिनमें से 8 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं।

स्वास्थ्य जांच शिविर में चिकित्सक द्वारा 32 कर्मचारियों व उनके आश्रितों की रैंडम ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। जांच के दौरान 10 कर्मचारियों व उनके परिजनों में पहली बार उच्च आरबीएस व उच्च रक्तचाप की समस्या सामने आई। चिकित्सक डॉ. विकास चौधरी ने संतुलित आहार,नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।

शिविर मुख्य कल्याण निरीक्षक अनिल कुमार चानना,कुम्भा राम बाजिया,प्रताप सिंह नाथावत तथा स्टेशन अधीक्षक रूपचन्द बैरवा की देखरेख में किया गया। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक मेड़ता रोड के शाखा प्रबंधक सुरेश कुमार ने कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा और विभिन्न परिलाभों की जानकारी दी।