राजभाषा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य हेतु अनेक केंद्रीय कार्यालय सम्मानित

*राजभाषा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य हेतु अनेक केंद्रीय कार्यालय सम्मानित*

● नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति(क्रमांक-1) की छमाही बैठक संपन्न,प्रदर्शनी भी आयोजित

जोधपुर। राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन को सुदृढ़ बनाने एवं इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास- क्रमांक -1) की छमाही बैठक शुक्रवार को उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष एवं मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने की।

बैठक के दौरान वर्ष 2025 के दौरान राजभाषा हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने पर भारतीय खाद्य निगम,ऑयल इंडिया लिमिटेड,एफसीआई अरावली जिप्सम कार्यालय तथा भारतीय खेल प्राधिकरण को नराकास चल वैजयंती शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि राजभाषा हिंदी केवल संवैधानिक औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारी दैनिक कार्यालयीन संस्कृति का अभिन्न अंग बने,इसके लिए निरंतर और समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने पत्राचार,फाइल टिप्पणियों एवं आंतरिक संवाद में हिंदी के अनिवार्य प्रयोग पर बल देते हुए शत-प्रतिशत फाइल टिप्पणियां हिंदी में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राजभाषा लक्ष्यों की नियमित समीक्षा हेतु बैठकों में कार्यालयाध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य करने की बात कही।इस अवसर नराकास कार्यालयों द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं से संबंधित एक संक्षिप्त वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया।

राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्य कार्यालयों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के 105 प्रतिभागियों को कार्यक्रम के दौरान प्रमाण- पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समिति के सचिव एवं राजभाषा अधिकारी ने कार्यसूची पर चर्चा करते हुए 22 जनवरी 2026 को जैसलमेर में संसदीय राजभाषा समिति द्वारा 24 केंद्रीय कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की जानकारी दी।इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में राजभाषा अधिकारी हरिकेश मीना ने स्वागत भाषण दिया,जबकि अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

राजभाषा प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र

इस अवसर पर आयोजित विशेष राजभाषा प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों द्वारा अपनी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया जिसमें विकास आयुक्त(हस्त शिल्प),भारतीय खाद्य निगम,भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और भारतीय विमान पत्तन कार्यालय ने अपनी उपलब्धियों का विभिन्न माध्यमों से प्रदर्शन किया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।