हरदोई में अनियंत्रित होकर पलटा पिकअप, छह लोग घायल, दो की हालत गंभीर, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में जा रहे थे

हरदोई। कछौना थाना क्षेत्र के एनएच-731 हाईवे पर इंडियन ढाबे के पास हरदोई की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को सीएचसी कछौना से जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया है।
घायलों में राहुल कुमार निवासी बीकापुर (बघौली), सावित्री, रिंकी, शशिकला, रचना और नंदकिशोर निवासी संडीला शामिल हैं। इनमें रिंकी और रचना की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी कछौना में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि पिकअप डाला में करीब 15 लोग सवार थे, जो संडीला से हरदोई आईटीआई में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान इंडियन ढाबे के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही कछौना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सीओ बघौली प्रवीण यादव ने बताया कि संडीला से हरदोई जा रहा पिकअप डाला अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें छह लोग घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए सीएचसी कछौना में भर्ती कराया गया, जबकि दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।