कटड़ा में मौसम का मिजाज बदला रहा, श्रद्धालु उत्साह से आगे बढ़ते रहे

कटड़ा। धर्मनगरी सहित मां वैष्णो देवी के पावन दरबार में दिनभर मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं का दौर लगातार जारी रहा। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ मां के भवन की ओर बढ़ते रहे। शाम 5:00 बजे तक करीब 10,500 श्रद्धालु आरएफआईडी कार्ड लेकर मां के भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।

मौसम खराब रहने के बावजूद श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से जारी रहीं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की तरफ से पंजीकरण, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता और यातायात जैसी सभी सुविधाएं दिनभर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई गईं। मार्ग में तैनात कर्मचारियों और सुरक्षा बलों ने भी अपनी जिम्मेदारियां मुस्तैदी से निभाईं। इससे यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। ठंडी हवाओं और बादलों के बीच यात्रा मार्ग पर भक्तों की आवाजाही बनी रही। कई श्रद्धालु गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए तो वहीं कुछ श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए मां के दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे।