धर्मनगरी में छाए बादल, 13 हजार मां वैष्णो के भवन की ओर रवाना,

धर्मनगरी में छाए बादल, 13 हजार मां वैष्णो के भवन की ओर रवाना

श्रद्धालुओं को प्राचीन गुफा मार्ग से भी दर्शन का मिल रहा साैभाग्य

कटड़ा। धर्मनगरी सहित मां वैष्णो देवी के दरबार में सोमवार दिन की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। हालांकि दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और पहाड़ों पर ठंडी हवाओं का दौर शुरू हो गया। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए मां के भवन की ओर बढ़ते रहे। शाम 5:00 बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालु भवन की ओर रवाना हुए। श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रहने के कारण प्राचीन गुफा मार्ग से भी दर्शन सुचारु रूप से कराए जा रहे हैं। इससे भक्तों को सौभाग्य दर्शन का लाभ मिल रहा है। श्राइन बोर्ड की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से जारी रहीं। हेलिकॉप्टर, बैटरी कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सेवाएं उपलब्ध रहीं। इससे बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं को खास राहत मिली। सुरक्षा और चिकित्सा इंतजाम भी मुहैया करवाए जा रहे हैं। देशभर से मां वैष्णो देवी के दर्शन को आने वाले श्रद्धालु मुख्य बाजार में खरीदारी भी कर रहे हैं।