कच्छ को बड़ी रेल सौगात: गांधीधाम–आदिपुर चौहरीकरण व ‘वाई’ कनेक्टिविटी कार्य पूर्ण, रेल संरक्षा आयुक्त ने किया ट्रॉली निरीक्षण

कच्छ को बड़ी रेल सौगात: गांधीधाम-आदिपुर चौहरीकरण व वाई कनेक्टिविटी कार्य पूर्ण, रेल संरक्षा आयुक्त ने किया ट्रॉली निरीक्षण

अहमदाबाद मंडल अपने रेल नेटवर्क को अधिक सक्षम, सुरक्षित तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में गुजरात के गांधीधाम आदिपुर रेलखंड के बीच चौहरीकरण तथा आदिपुर स्टेशन पर वाई कनेक्टिविटी का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस खंड का 9 फरवरी को ई. श्रीनिवास, रेल संरक्षा आयुक्त,पश्चिम सर्कल द्वारा ट्रॉली निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण टीम में मंडल रेल प्रबंधक अहमदाबाद वेद प्रकाश, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)प्रदीप गुप्ता, मुख्य ट्रैक इंजीनियर, मुख्य परिचालन प्रबंधक (जी) तथा निर्माण एवं ओपन लाइन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

इस परियोजना के अंतर्गत 17 किमी ट्रैक लिंकिंग, 8 छोटे पुलों का निर्माण तथा 2.60 लाख घन मीटर अर्थवर्क किया गया है। आदिपुर स्टेशन पर सिग्नल एवं दूरसंचार (S&T) तथा ऑपरेटिंग कंट्रोल बिल्डिंग का निर्माण किया गया है और चौथी लाइन सहित पूरे सेक्शन का विद्युतीकरण पूर्ण हुआ है। गोपालपुर स्टेशन को आधुनिक स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। गांधीधाम बी केबिन में 16 नए प्वाइंट्स एवं क्रॉसिंग तथा आदिपुर स्टेशन पर 21 नए प्वाइंट्स एवं क्रॉसिंग के साथ 1 लूप लाइन सहित प्रमुख यार्ड रीमॉडलिंग कार्य किए गए हैं।

गांधीधाम आदिपुर ब्रॉडगेज रेलखंड कांडला एवं मुंद्रा बंदरगाहों सहित भुज, वायोर और अन्य क्षेत्रों को देश के विभिन्न भागों से जोड़ने वाला एक अत्यंत महत्वपूर्ण माल ढुलाई मार्ग है। वर्तमान में यह खंड अत्यधिक व्यस्त रहने से परिचालन पर दबाव बना रहता है, जिसे कम करने के लिए दो अतिरिक्त लाइनों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस मार्ग से नमक एवं सामान्य माल की भी बड़े पैमाने पर ढुलाई होती है और मुंद्रा बंदरगाह की बढ़ती क्षमता को देखते हुए भविष्य में यातायात और बढ़ने की संभावना है।

यह खंड अहमदाबाद मंडल का सर्वाधिक GMT (Gross Million Tonnes) लोडिंग वाला सेक्शन है, जहाँ से प्रतिवर्ष 70 से अधिक GMT लोडिंग होती है। चौहरीकरण से लाइन क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित, समयनिष्ठ एवं सुचारु बनेगा। इससे यात्री ट्रेनों की समयपालनता में सुधार होगा, पीक समय में परिचालन आसान होगा तथा नई ट्रेनों या अतिरिक्त फेरों की संभावनाएँ बढ़ेंगी।

गोपालपुर नए स्टेशन के निर्माण से अहमदाबाद की ओर से आने वाली गाड़ियों को भुज जाने के लिए गांधीधाम में इंजन रिवर्सल की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे लगभग 20-25 मिनट की समय बचत होगी। आदिपुर स्टेशन पर ?वाई? कनेक्टिविटी उपलब्ध होने से ट्रेनों को दिशा परिवर्तन नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय एवं ईंधन दोनों की बचत होगी और परिचालन सरल बनेगा।

इस परियोजना से कांडला एवं मुंद्रा बंदरगाहों से जुड़े कंटेनर, पेट्रोलियम, उर्वरक, खाद्यान्न एवं अन्य माल के परिवहन में तेजी आएगी। मालगाड़ियों का टर्नअराउंड समय कम होगा, वैगनों का बेहतर उपयोग संभव होगा तथा लॉजिस्टिक लागत में कमी आएगी, जिससे उद्योगों और व्यापार को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही यह परियोजना कच्छ क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति देने, व्यापार, पर्यटन एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा निवेश के अनुकूल वातावरण बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

गांधीधाम आदिपुर चौहरीकरण एवं वाई कनेक्टिविटी परियोजना क्षेत्रीय विकास और सुदृढ़ रेल अवसंरचना की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो कच्छ क्षेत्र के सामाजिक?आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।