हरदोई में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से भाई-बहन समेत तीन की मौत, दूर तक जा गिरे शव, घर जाते वक्त हुआ हादसा

हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र में हरदोई-बिलग्राम राजमार्ग पर फार्मपुरवा मजरा ढोलिया के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे भाई-बहन समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर तक जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में तीनों के शव राजमार्ग पर पड़े होने से यातायात बाधित हो गया और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि हादसे में आदर्श अवस्थी (20) पुत्र अरविंद अवस्थी, मधु अवस्थी (23) पुत्री अरविंद अवस्थी निवासी फतियापुर थाना सुरसा और कामिनी पांडे (42) पत्नी शिवाकांत पांडे निवासी बावन चुंगी थाना कोतवाली शहर की मौत हो गई।
पुलिस ने मौके से डंपर को कब्जे में ले लिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।