हरदोई में भैंस चोरी के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल, पुलिसकर्मी भी जख्मी

हरदोई। सवायजपुर थाना क्षेत्र में भैंस चोरी की घटनाओं में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गया। घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, पदमलापुर गांव निवासी मुकेश और सूरज ने थाने में तहरीर देकर उनकी भैंस चोरी होने की सूचना दी थी। घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए और टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू कराई।
अभियान के दौरान सवायजपुर पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि भैंस चोरी की घटनाओं में वांछित आरोपी मोटरसाइकिल से शाहजहांपुर की ओर से सवायजपुर आ रहा है। इस पर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने घेराबंदी की। संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह गंगा एक्सप्रेस-वे की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें आरोपी अनीस पुत्र लतीफ निवासी खैरपुर थाना कटरा, जनपद शाहजहांपुर के बाएं पैर में गोली लग गई। इस दौरान आरक्षी संजय मौर्य भी घायल हो गए।
सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के पास से ₹4200 नगदी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, एक तमंचा 12 बोर, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी शातिर पशु चोर बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।