जम्मू मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर टिकट बुकिंग एजेंट (STBA) की नियुक्ति के साथ डिजिटल टिकटिंग प्रणाली के तहत ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित

जम्मू,उत्तर रेलवे के नवगठित जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार करने और टिकट वितरण प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के मार्गदर्शन में, जम्मू मंडल के 35 चिन्हित रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंट (STBA) की नियुक्ति के लिए कुछ समय पहले विज्ञापन जारी किए गए थे, जिसमें जम्मू और कश्मीर के 16 रेलवे स्टेशन, हिमाचल प्रदेश के 9 और पंजाब के 10 रेलवे स्टेशन शामिल हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि, आज 6 फरवरी को, 70 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।

इन आवेदनों का उद्देश्य छोटे और मध्यम आकार के स्टेशनों (NSG-5 और NSG-6 श्रेणियों) पर अनारक्षित टिकट (UTS) काउंटरों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है। STBA योजना में स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता दी जाती है ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों के स्टेशनों पर यात्रियों को टिकट वितरण में सहायता कर सकें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए लंबी कतारों से राहत दिलाना और स्थानीय युवाओं को रोजगार प्रदान करना है। इन छोटे और मध्यम आकार के स्टेशनों (NSG-5 और NSG-6 श्रेणियों) पर, वर्तमान में अनारक्षित टिकट स्टेशन मास्टर द्वारा जारी किए जाते हैं, जिससे स्टेशन मास्टरों को अपने कर्तव्यों और ट्रेन संचालन के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंटों की नियुक्ति से स्टेशन मास्टरों का काम आसान हो जाएगा और स्टेशन मास्टर ट्रेन परिचालन के दौरान अपने ट्रेन संचालन कार्य को सुगमता से करेंगे। वहीं दूसरी तरफ जम्मू मंडल के पांच रेलवे स्टेशन दीनानगर, मुकेरियां, गुरदासपुर, दसूया और कठुआ में यात्रियों की सुविधाओं के लिए ( ATVM ) ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।

स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंटों की नियुक्ति की पहल पर टिप्पणी करते हुए, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक,उचित सिंघल ने कहा, " कि रेलवे अपनी सेवाओं को डिजिटल और सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। रेलवे स्टेशनों पर STBA की नियुक्ति व ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन ( ATVM ) स्थापित करने से यात्रियों को अब टिकट के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा, साथ ही रेलवे स्टेशन पर कार्यरत स्टेशन मास्टरों की कार्यप्रणाली में ट्रेन संचालन के दौरान और अधिक पारदर्शिता आएगी। जिससे वह अपना ट्रेन परिचालन संबंधी कार्य सुगमता से करेंगे, वहीं यात्रियों को अनारक्षित टिकट सरलतापूर्वक प्राप्त होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा।"

राघवेंद्र सिंह जनसम्पर्क निरीक्षक जम्मू मंडल