अहमदाबाद मण्डल पर ‘मेरा टिकट मेरी शान’ के अंतर्गत चलाया गया जन-जागरूकता अभियान

अहमदाबाद मण्डल पर मेरा टिकट मेरी शान के अंतर्गत चलाया गया जन-जागरूकता अभियान

यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने की आदत को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मण्डल पर ?मेरा टिकट मेरी शान, विकसित भारत के लिए मेरा योगदान? थीम के अंतर्गत 28 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 (10 दिनों) तक एक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।

यह अभियान अहमदाबाद मण्डल के पाँच प्रमुख रेलवे स्टेशनों?अहमदाबाद, साबरमती, महेसाणा, पालनपुर एवं गांधीधाम पर संचालित किया गया। अभियान के दौरान यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, वाणिज्य विभाग द्वारा विभिन्न रेलखंडों एवं ट्रेनों में विशेष ड्राइव चलाकर बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों को समझाइश दी गई।

10-दिवसीय अभियान के अंतर्गत प्रमुख जन-जागरूकता गतिविधियाँ इस प्रकार रहीं

सेल्फी प्वाइंट: यात्रियों की भागीदारी बढ़ाने हेतु उपरोक्त स्टेशनों पर विशेष सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए गए, जहाँ यात्रियों ने फोटो लेकर अभियान का संदेश साझा किया।

संवाद: रेलवे अधिकारियों ने सीधे यात्रियों एवं युवा पीढ़ी से संवाद कर अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया।

टिकट जांच के दौरान समझाइश: टिकट जांच के समय यात्रियों को अभियान की जानकारी दी गई और वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित किया गया।

वीडियो संदेश: स्टेशनों पर जागरूकता वीडियो का प्रसारण कर उचित टिकट लेकर यात्रा करने का संदेश दिया गया।

सोशल मीडिया कैंपेन: सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि वैध टिकट लेकर यात्रा करने से रेलवे की आय में वृद्धि होती है, जिससे यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं रेलवे के आधुनिकीकरण में सहायता मिलती है। टिकट लेना केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि देश के विकास में एक जिम्मेदार नागरिक का योगदान भी है।

इस अवधि में विभिन्न टिकट जांच अभियानों का आयोजन किया गया, जिनमें मण्डल वाणिज्य प्रबंधक, सहायक वाणिज्य प्रबंधक एवं टिकट जांच स्टाफ सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर यात्रा करें और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।