मां वैष्णो देवी यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार, मौसम साफ रहने से बढ़ी रौनक

कटड़ा में मौसम साफ रहने से मां वैष्णो देवी यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं में उत्साह है। प्रतिदिन 12-16 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान कर रहा है। यात्रा में कमी के कारण श्रद्धालुओं को दिन-रात प्राचीन गुफा से दर्शन का सौभाग्य मिल रहा है। दर्शन के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी भी जा रहे हैं।

मौसम साफ रहने से वैष्णो देवी यात्रा में उत्साह।

प्रतिदिन 12-16 हजार श्रद्धालु कर रहे हैं दर्शन।

कम भीड़ के कारण प्राचीन गुफा से दर्शन संभव।

कटड़ा। शुक्रवार को दिनभर मौसम साफ रहने के कारण मां वैष्णो देवी की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु पंजीकरण कराकर परिवार सहित पूरे दिन भवन की ओर रवाना होते रहे। हालांकि वर्तमान में यात्रा में गिरावट जारी है।

इसके बावजूद श्रद्धालुओं का यात्रा को लेकर उत्साह लगातार बना हुआ है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 12 हजार से 16 हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आधार शिविर कटड़ा पहुंच रहे हैं। यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से सभी आवश्यक सुविधाएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे एवं घोड़ा सेवा जैसी सुविधाएं श्रद्धालुओं को लगातार प्रदान की जा रही हैं। यात्रा में अपेक्षाकृत कमी के चलते श्रद्धालुओं को दिन के साथ रात्रि में भी प्राचीन गुफा से दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्राचीन गुफा में प्रवेश कर मां वैष्णो देवी के दिव्य दर्शन किए, जबकि शेष समय श्रद्धालु दिनभर नई गुफाओं के माध्यम से दर्शन करते नजर आए।

दर्शन उपरांत श्रद्धालु भैरव घाटी की ओर रवाना होते रहे और बाबा भैरवनाथ के चरणों में हाजिरी लगाई। भैरव घाटी पहुंचकर श्रद्धालु त्रिकूट पर्वत की चोटियों की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते भी नजर आए। मां वैष्णो देवी की यात्रा पूर्ण करने के बाद श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा में प्रसाद व अन्य धार्मिक सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में थोड़ी बहुत रौनक बनी हुई है। 6 फरवरी शुक्ररवार दोपहर 2 बजे तक लगभग 8000 श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। श्रद्धालुओं का लगातार आना जारी है।