जयकारों के बीच 10200 श्रद्धालु भवन की ओर रवाना, यात्रा के दौरान दिन में हल्की गर्मी का हुआ अहसास

कटड़ा। धर्मनगरी सहित मां वैष्णो देवी के दरबार में मौसम दिनभर सुहावना रहा। जनवरी के मुकाबले इस महीने की शुरुआत में यात्रा में कमी देखने को मिल रही है, मगर श्रद्धालु जयकारों के साथ यात्रा पूरी कर रहे हैं। मौसम लगातार साफ रहने के कारण दिन में हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है। शाम पांच बजे तक करीब 10200 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर रवाना हुए।

वीरवार को मौसम साफ रहा। हालांकि दोपहर बाद बादलों की लुका छिपी चलती रही। इसके बावजूद हेलिकॉप्टर सेवा अधिकांश समय उपलब्ध रही। दूसरी ओर, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बैटरी कार के साथ ही रोपवे केबल कार तथा घोड़ा, पिट्ठू व पालकी आदि की सेवाएं भी मिलीं। वहीं, श्रद्धालु प्राचीन गुफा के भी दर्शन कर परिवार की सुख शांति की कामना कर रहे हैं। इसके बाद बाबा भैरवनाथ के चरणों में हाजिरी लगाने के लिए पहुंच रहे हैं। वर्तमान में 13 हजार से 18 हजार के मध्य श्रद्धालुओं का आंकड़ा बना हुआ है। इस कारण बाजारों में चहल पहल है। जानकारों का कहना है कि देश भर में परीक्षाओं का दौर होने के कारण आगामी दिनों में मां वैष्णो देवी की यात्रा में और ज्यादा गिरावट देखने को मिलेगी तथा होली के उपरांत फिर भक्तों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।