विश्व कैंसर दिवस पर राजकीय होम्योपैथी चिकित्सालय में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम 

पूरनपुर।, पीलीभीत।विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय होम्योपैथी चिकित्सालय सेहरामऊ उत्तरी में बुधवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को कैंसर के सामान्य लक्षण, कारण, बचाव और निदान के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में इस वर्ष की थीम ?United by Unique? के बारे में जानकारी दी गई, जिसका उद्देश्य कैंसर से पीड़ित प्रत्येक व्यक्ति की अलग-अलग यात्रा, जरूरतों और अनुभवों को समझते हुए उन्हें एकजुट करना है।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज कुमार चौधरी ने बताया कि कैंसर एक गंभीर एवं घातक बीमारी है, लेकिन समय रहते पहचान और सही उपचार से इसे नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आम कैंसरों में स्तन कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, कोलोरेक्टल कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर, मेलेनोमा एवं गैर-मेलेनोमा त्वचा कैंसर, मूत्राशय कैंसर, पेट का कैंसर और यकृत कैंसर प्रमुख हैं। फेफड़ों का कैंसर विश्व स्तर पर सबसे घातक माना जाता है, जिससे प्रतिवर्ष लाखों लोगों की मृत्यु होती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि कैंसर से बचाव के लिए तंबाकू उत्पादों का सेवन न करें, संतुलित और पौष्टिक आहार लें, नियमित व्यायाम करें, पराबैंगनी किरणों से बचाव करें, आवश्यक टीकाकरण कराएं तथा तनाव को कम रखें।इस मौके पर डॉ. नीरज चौधरी, आशीष दीक्षित, नवल पाल,हरीश कुमार, अनूप मिश्रा, अंकुल ,पिंकू भारती,सुभाष त्रिवेदी,उदित शर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।