हरदोई में चोरी के माल का बंटवारा कर रहे बदमाशों पर कार्रवाई, पुलिस मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली, चार को दौड़ाकर पकड़ा

हरदोई। जनपद के थाना संडीला क्षेत्र में 4 फरवरी की रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कस्बा संडीला के चक्कर रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में कुछ बदमाशों के चोरी के माल का बंटवारा करने की जानकारी मिली थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संडीला ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कॉलोनी की घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे। खुद को घिरा हुआ पाकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायर किया, जिसमें लल्लू पुत्र पुत्तू निवासी ग्राम बगरीना थाना संडीला, बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से चार अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में जमील पुत्र गुलजार निवासी गड्डी खेड़ा मजरा मंडोली थाना संडीला, सुनील पुत्र रामावतार निवासी रामनगर मठिया थाना अतरौली, विद्यासागर पुत्र गोपी निवासी मठिया थाना अतरौली तथा अनूप पुत्र रामसुख निवासी मोहल्ला आजाद नगर बेलागंज थाना ठाकुरगंज जनपद लखनऊ शामिल हैं।
सीओ संडीला संतोष सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 45 हजार रुपये नकद, चोरी के आभूषण, एक तमंचा .315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। इस दौरान थाना संडीला के उपनिरीक्षक करूणेश पाठक भी घायल हुए हैं। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने अतरौली, संडीला और कासिमपुर थाना क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार सुनील पर पांच और लल्लू पर सात मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संडीला विद्यासागर पाल, अतरौली प्रभारी सतीश चंद्र, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी टीम की अहम भूमिका रही।