एनएचएम कर्मियों का दो माह का मानदेय लंबित, जिलाध्यक्ष ने सीएमओ से की शीघ्र भुगतान की मांग, कहा- 1400 कर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा

हरदोई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदा अधिकारियों और कर्मचारियों का मानदेय लंबे समय से लंबित होने को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। एनएचएम जिलाध्यक्ष जावेद खान ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हरदोई को संबोधित पत्र के माध्यम से बताया कि मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा 24 जनवरी 2026 को जारी पत्र के अनुसार प्रदेश के सभी जनपदों में 12 आवश्यक गतिविधियों और वर्ष 2024-25 की वास्तविक लंबित देयताओं के भुगतान हेतु एसएनए स्पर्श व्यवस्था के अंतर्गत लिमिट जारी की गई है।
इसके बावजूद जनपद हरदोई में माह दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 का मानदेय अभी तक किसी भी संविदा अधिकारी अथवा कर्मचारी को नहीं दिया गया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह अत्यंत खेदजनक है, क्योंकि एनएचएम कार्यक्रम के तहत जनपद में लगभग 1400 अल्पवेतन भोगी कर्मचारी और अधिकारी कार्यरत हैं, जिनका जीवनयापन इसी मानदेय पर निर्भर है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केवल मानदेय ही नहीं, बल्कि पिछले दो वर्षों से इंक्रीमेंट और एरियर का भुगतान भी लंबित है। इसके साथ ही लॉयल्टी, पीबीआई, मेडिकल एवं मातृत्व अवकाश से संबंधित देयकों का भुगतान भी अब तक नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एनएचएम जिलाध्यक्ष जावेद खान ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मांग की है कि सभी अल्पवेतन भोगी कर्मियों का लंबित मानदेय एवं अन्य देय भुगतान 10 फरवरी 2026 तक सुनिश्चित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके और स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से चलता रहे।