हरदोई में पुलिस पर दवाब में फर्जी कार्रवाई का आरोप, सवर्ण चेतना सभा ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा, निष्पक्ष जांच की मांग

हरदोई। जनपद में एक कथित फर्जी मुकदमे को लेकर सवर्ण चेतना संगठन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में साण्डी थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले की निष्पक्ष जांच कराकर निर्दोष लोगों को दोषमुक्त किए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि 28 जनवरी की शाम एक युवक रिशेन्द्र कुमार की मौत की सूचना पुलिस को दी गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। आरोप लगाया गया कि इसके बाद एक कथित राजनीतिक संगठन ने पुलिस पर दबाव बनाकर आत्महत्या की घटना को हत्या में बदलवाने का प्रयास किया और बिना समुचित जांच के गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया गया।
ज्ञापनकर्ताओं का कहना है कि राजनीतिक दबाव और धमकी के चलते पुलिस ने तथ्यों की गहराई से जांच किए बिना कार्रवाई की। आरोप है कि उक्त राजनीतिक संगठन द्वारा जिले में लगातार अराजकता फैलाई जा रही है और निर्दोष लोगों को राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से फंसाया जा रहा है। इस मामले में कुलदीप द्विवेदी को सामाजिक और राजनीतिक द्वेष के चलते झूठे आरोपों में फंसाए जाने का दावा किया गया है। बताया गया कि वह एक सामाजिक व्यक्ति हैं और एक राजनीतिक दल के सक्रिय सदस्य भी हैं।
सवर्ण चेतना संगठन ने कहा कि निर्दोष व्यक्तियों को फंसाए जाने से जनपद में भारी आक्रोश है और यदि इस तरह की कार्रवाई पर रोक नहीं लगी तो संगठन को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
इस दौरान सवर्ण चेतना छात्र संघ के जिला अध्यक्ष आदर्श मिश्रा, अधिवक्ता सभा के पदाधिकारी सुबोध पांडे, शिवमोहन शुक्ला, विजय पांडे, पुनीत दीक्षित सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता, जिला मीडिया प्रभारी राम जी अवस्थी समेत बड़ी संख्या में संगठन से जुड़े लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में न्यायपूर्ण जांच की मांग की।