फतेहपुर स्टेशन का अपर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा किया गया निरीक्षण,

अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य)दीपक कुमार ने प्रयागराज मंडल के फतेहपुर स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों तथा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, टिकट काउंटर, यात्री सूचना प्रणाली एवं अन्य यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

दीपक कुमार ने यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्टेशन पर स्वच्छता स्तर को और बेहतर बनाने, सुचारु यात्री आवागमन सुनिश्चित करने तथा दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं महिला यात्रियों के लिए सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों से प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधार शीघ्र किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का निरंतर अनुश्रवण किया जाए तथा किसी भी प्रकार की असुविधा की स्थिति में त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।