आईजी निरीक्षण के दौरान एसपी कार्यालय गेट पर आत्मदाह का प्रयास, पुलिस की तत्परता से टला हादसा, एलआईयू फेलियर पर उठे सवाल, एसपी बोले- महिला पूरी तरह सुरक्षित, उकसाने वालों पर होगी कार्रवाई

हरदोई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य गेट पर गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग महिला ने पारिवारिक भूमि विवाद से परेशान होकर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। खास बात यह रही कि घटना उसी समय हुई, जब लखनऊ जोन के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस पुलिस लाइन हरदोई में निरीक्षण कर रहे थे। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए।
घटना के दौरान गेट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए महिला के हाथ से पेट्रोल से भरी बोतल छीन ली और उसे सुरक्षित कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया गया।
आत्मदाह का प्रयास करने वाली महिला की पहचान मीरा शर्मा निवासी फूल बेहटा, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है। महिला का आरोप है कि पारिवारिक ज्येष्ठ द्वारा ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। कई बार शिकायत के बावजूद समाधान न होने से वह मानसिक रूप से आहत थी।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि महिला का मामला पहले से संज्ञान में था और समाधान दिवस पर राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम के माध्यम से समस्या समाधान के लिए अवगत कराया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला ने ज्वलनशील पदार्थ डालने का असफल प्रयास किया था, जिसे पुलिस टीम ने तुरंत रोक लिया। महिला पूरी तरह सुरक्षित है और जांच में यह भी देखा जा रहा है कि इस कृत्य के लिए उसे किसने उकसाया। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, आईजी निरीक्षण के दौरान इतनी गंभीर घटना के बावजूद एलआईयू के किसी अधिकारी का मौके पर न पहुंचना इंटेलीजेंस फेलियर की ओर इशारा करता है, जिस पर बुद्धिजीवी वर्ग में चर्चा तेज है।