हरदोई में कानून व्यवस्था पर सवाल, 25 हमलावरों ने परिवार पर बोला धावा, घर में की तोड़फोड़ और आगजनी

हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र के चौहान थोक मोहल्ले में मंगलवार शाम कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जब करीब 20 से 25 लोगों की भीड़ ने एक परिवार के घर पर हमला कर जमकर उत्पात मचाया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने सोनू यादव के मकान को निशाना बनाते हुए गेट और दरवाजे तोड़ दिए। घर में रखी एलसीडी, घरेलू सामान, रजाई-गद्दे बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिए और उनमें आग लगा दी। वहीं, बाहर खड़ी वैगनआर कार को ईंट-पत्थरों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना का सबसे संवेदनशील पहलू यह रहा कि हमले के समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। पीड़िता नेहा यादव के अनुसार घर में केवल महिलाएं और बच्चियां थी। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं के साथ अभद्रता की, गाली-गलौज की और उन्हें जबरन घर से बाहर निकालने का प्रयास किया। भयभीत महिलाएं जान बचाने के लिए छत की ओर भागी, तब जाकर उनकी सुरक्षा हो सकी।
बताया जा रहा है कि घटना की शुरुआत मंगलवार दोपहर सोनू यादव और पड़ोस की जूली के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद से हुई थी। जूली की शिकायत पर पुलिस ने पहले ही एक मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि इसी रंजिश में शाम को जूली पक्ष से मदन गुप्ता के साथ आए लोगों ने बदले की भावना से हमला किया। हमले में जनडेल, विजय गुप्ता, मदन गुप्ता, मूलचंद और राजू गुप्ता के नाम सामने आए हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और एक आरोपी राजू गुप्ता को हिरासत में लिया। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।