पिहानी-हरदोई मार्ग पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर

हरदोई। पिहानी-हरदोई मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा पिहानी मार्ग स्थित गन्ना क्रेशर के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान ग्राम पुरवा हफीजुद्दीनपुर निवासी राजेश (34) के रूप में हुई है। बताया गया कि राजेश अपने साथी लाखन के साथ किसी निजी कार्य से बाइक द्वारा पिहानी की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों गन्ना क्रेशर के समीप पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लाखन गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रधान अनिल राठौर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल लाखन की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी छोटेलाल ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।