हरदोई में चुनावी रंजिश में किसान की पीट-पीटकर हत्या, सगे भतीजों और उनके समर्थकों पर आरोप, फर्जी वोटों की जांच के दौरान हुआ विवाद

हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अर्जुनपुर में रविवार को चुनावी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। फर्जी वोटों की जांच के दौरान हुए विवाद में 52 वर्षीय किसान अशोक सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक के सगे भतीजों और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत में फर्जी वोट दर्ज होने की शिकायत मृतक के पुत्र अरविंद सिंह ने की थी। इसी शिकायत की जांच के लिए रविवार को लेखपाल श्यामवीर सिंह सोमवंशी और राजस्व निरीक्षक राजेश शुक्ला गांव पहुंचे थे। जांच के दौरान वर्तमान ग्राम प्रधान आरती सिंह के पति सोमेंद्र सिंह, जो मृतक के सगे भतीजे हैं, अपने भाइयों और समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने जांच में बाधा डालते हुए सरकारी कागजात छीन लिए और शिकायतकर्ता अरविंद सिंह के साथ मारपीट की।
बताया गया कि जब अरविंद और उसका भाई गोविंद थाने में शिकायत दर्ज कराने गए, तभी आरोपियों ने मौका पाकर उनके पिता अशोक सिंह को घेर लिया। सगे भतीजों समेत करीब आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर अशोक सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी सत्यभामा, पुत्र अरविंद, गोविंद और पुत्री सोनी सदमे में हैं। थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि करीब आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ तहरीर मिली है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।