हरदोई में पिकअप डाला अनियंत्रित होकर पलटा, चालक समेत आठ लोग घायल, एक लखनऊ रेफर

हरदोई। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अटवा असिगांव के पास शनिवार को एक पिकअप डाला अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार चालक सहित आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी घायल पिकअप डाला से अपना कार्य निपटाकर हरदोई से शाहाबाद की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे पिकअप डाला सड़क किनारे पलट गया। हादसे में वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन चालक द्वारा नियंत्रण खो देना सामने आया है। हादसे में घायल आठ लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इनमें ईश्वरचंद नामक व्यक्ति की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया है। शेष घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर मार्ग को सामान्य कराया। घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके। समय रहते पुलिस और चिकित्सकीय सहायता मिलने से घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सका।