गरीबों को कंबल बाँट भाकियू क्रांति  ने पेश की मानवता की मिसाल

गरीबों को कंबल बाँट भाकियू क्रांति
ने पेश की मानवता की मिसाल

शाहाबाद, हरदोई।
कड़ाके की ठंड और बढ़ती ठिठुरन के बीच भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) की टीम ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए गरीबों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। तहसील शाहाबाद के ग्राम समैचीपुर में संगठन के पदाधिकारियों द्वारा जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए, जिससे ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाकियू (क्रांति) के तहसील अध्यक्ष गोलू कुमार एवं जिला उपाध्यक्ष अरुण कुमार के नेतृत्व में यह सेवा कार्य संपन्न हुआ। वितरण प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय हल्का लेखपाल वैभव त्रिपाठी भी मौजूद रहे, जिनकी देखरेख में पात्र गरीबों, विधवा महिलाओं और असहाय बुजुर्गों को कंबल सौंपे गए।
ठिठुरन भरी सर्दी में गर्म कंबल पाकर कई वृद्ध महिलाओं की आँखें छलक आईं। भावुक होकर ग्रामीणों ने दोनों किसान नेताओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान तहसील अध्यक्ष गोलू कुमार ने कहा कि संगठन किसानों के साथ-साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा के लिए भी संकल्पित है। जिला उपाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि ठंड के कारण किसी गरीब को असुविधा न हो। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और यूनियन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।