नागपुर मंडल के अर्जुनी में GCF-46 पर आरओबी निर्माण पूर्ण, क्षेत्र को मिली सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुविधा

नागपुर मंडल के अर्जुनी में GCF-46 पर आरओबी निर्माण पूर्ण, क्षेत्र को मिली सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुविधा

अर्जुनी में GCF-46 पर आरओबी चालू, रेल-सड़क सुरक्षा एवं संपर्क व्यवस्था में बड़ा सुधार

नागपुर मंडल के अंतर्गत अर्जुनी स्थित रेलवे समपार फाटक संख्या GCF-46 पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर इसे आवागमन हेतु चालू कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में सार्वजनिक सुरक्षा सुदृढ़ होने के साथ-साथ रेल एवं सड़क संपर्क व्यवस्था में भी व्यापक सुधार हुआ है।यह परियोजना दीपक कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर मंडल के कुशल मार्गदर्शन में तथा अर्पित सरन, वरिष्ठ मंडल अभियंता/समन्वय/नागपुर एवं शिवनाथ नामदेव, मंडल अभियंता/दक्षिण/नागपुर के सक्षम पर्यवेक्षण में समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक संपन्न की गई।आरओबी के चालू होने के साथ ही GCF-46 पर स्थित लेवल क्रॉसिंग को स्थायी रूप से समाप्त कर दिया गया है, जिससे सड़क एवं रेल उपयोगकर्ताओं के लिए दुर्घटनाओं की संभावना में उल्लेखनीय कमी आई है। अब वाहनों की आवाजाही निर्बाध एवं चौबीसों घंटे संभव हो गई है, जिससे क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या से राहत मिली है तथा आम नागरिकों के बहुमूल्य समय और ईंधन की बचत सुनिश्चित हुई है।रेलवे परिचालन की दृष्टि से भी लेवल क्रॉसिंग हटने से ट्रेनों का संचालन निर्धारित एवं अनुमत गति से संभव हो पाया है, जिससे समयपालनता में सुधार के साथ-साथ परिचालन दक्षता भी बढ़ी है। बेहतर संपर्क व्यवस्था से अर्जुनी एवं आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय व्यापार, उद्योग एवं दैनिक आवागमन को नया प्रोत्साहन मिलेगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक रेल-सड़क संपर्क उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार की विकासात्मक परियोजनाओं के माध्यम से जनसेवा के स्तर को और अधिक सुदृढ़ करता रहेगा।