हरदोई में युवक को अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली, सड़क किनारे मिला लहूलुहान, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र में रविवार रात एक सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। रद्देपुरवा रोड पर बच्चा जेल के पास एक युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी और घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हरदोई भेजा गया।
घायल की पहचान 22 वर्षीय श्याम बाबू गुप्ता पुत्र सोनेलाल गुप्ता निवासी बढ़ैयाँ पुरवा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, श्याम बाबू किसी काम से हरदोई की ओर आ रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात लोगों ने उस पर हमला किया। युवक के बाएं गाल और गले पर गंभीर चोटें मिली हैं। परिजनों ने दावा किया है कि बदमाशों ने उसे गोली मारी, जिससे वह घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है और हालत अब स्थिर है। उन्होंने बताया कि पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।